फोटो 17 एचएएमपी 34- क्षतिग्रस्त सुमेरपुर से मवईजार मार्ग। संवाद
भरुआसुमेरपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दो वर्ष पूर्व बना सुमेरपुर-मवईजार मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। जबकि इस मार्ग पर भारी वाहन नहीं गुजरते हैं। कस्बे से लेकर बांकी तक पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। लोगों को आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि दो वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सुमेरपुर से मवईजार तक सड़क का निर्माण कराया गया था। कस्बे के अंदर तथा बिलहडी, नदेहरा गांव में कुछ हिस्सा आरसीसी है। बांकी गांव से डामरीकरण किया गया है। कस्बे से लेकर बांकी तक यह मार्ग जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो गया है। इससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दैनिक यात्री नवीन यादव, दीपक कुमार, सुरेश कुमार, शिवकुमार, विवेक, जयवीर सिंह आदि ने बताया कि मार्ग की हालत बेहद खराब हो गई है। कार्यदायी संस्था द्वारा घटिया निर्माण कराया गया है।
लोनिवि के अवर अभियंता अनूप कुमार निरंजन ने बताया कि कार्यदायी संस्था पांच वर्ष तक मार्ग का रखरखाव करती है। मार्ग को दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया गया है।