भरुआसुमेरपुर। सोमवार को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह से ही पोलिंग पार्टियों को रवाना करने का काम शुरू हुआ। करीब सवा 11 बजे के बाद पहली पोलिंग पार्टी कुरारा के लिए रवाना हुई। इस दौरान कुछ महिला कर्मी बच्चों को आधार बनाकर ड्यूटी कटवाने के लिए अधिकारियों से आग्रह करती नजर आईं।
विधानसभा उपचुनाव के मतदान के लिए नवीन गल्ला मंडी से रविवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। अधिकारियों की लंबी जद्दोजहद के बाद पहली पोलिंग पार्टी गल्ला मंडी से सवा 11 बजे रवाना किया, जबकि आखिरी पोलिंग पार्टी दोपहर डेढ़ बजे रवाना हो सकी। उधर ड्यूटी में लगाई गई महिला कर्मचारी छोटे-छोटे बच्चों का हवाला देकर अधिकारियों से गुहार लगाती नजर आई।
प्राथमिक विद्यालय खैर में ड्यूटी पर लगाई गई अम्ब्रेश कुमारी ने बताया कि उसका बच्चा महज पांच सप्ताह का है। इसको छोड़कर ड्यूटी करना संभव नहीं है। इस पर उसे ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया। इसी तरह एक महिला कर्मी ने दूसरे का बच्चा लेकर ड्यूटी कटवाने का प्रयास किया। जिसे अधिकारियों ने डपट कर भगा दिया। राठ क्षेत्र की एक शिक्षिका ड्यूटी लेने के बाद फोन स्विच ऑफ कर गायब हो गई।
जिसको बुलाने के लिए अधिकारी बार-बार घोषणा करते रहे। बाद में मुकदमा दर्ज कराने की धमकी की घोषणा की गई। तब कहीं जाकर वह हाजिर हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां बसों से रवाना की गईं हैं। इनकी निगरानी के लिए जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट भ्रमण में लगे हैं। बताया कि अभी तक कहीं से किसी प्रकार की समस्या की सूचना नहीं है।
------------------------------
वाहनों में लगाया गया जीपीएस सिस्टम
भरुआसुमेरपुर। चुनाव ड्यूटी पर पोलिंग पार्टियों को ले जा रहे वाहनों पर जीपीएस सिस्टम लगाया गया है। मंडी से बाहर आने से पहले वाहनों में सिस्टम की डिवाइस लगाई गई। ताकि वाहनों की लोकेशन का पता आसानी से प्रशासन को चलता रहे। इस सिस्टम के लग जाने से वाहनों को भटकना नहीं पड़ेगा और अपने गंतव्य पर समय से पहुंच सकेंगे।
उप चुनाव कराने मतदान कर्मी केंद्रों में पहुंचे
मौदहा। सोमवार सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक मतदान होगा। इसके लिए मतदान केंद्रों में रविवार को कर्मी पहुंच गए और मतदान की तैयारी में जुट गए हैं। नगर में नौ मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 41 बूथ हैं। सदर विधानसभा में तहसील के 92 मतदान केंद्र सम्मलित हैं। जिसमें 184 बूथों में तहसील क्षेत्र के 155954 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं के बीच जमकर प्रचार किया गया है। वहीं मतदाताओं को मतदान के लिए वोटर पर्ची भी वितरित की जा चुकी है। मतदाताओं को मतदान के लिए मतदान परिचय पत्र के अन्य विकल्प के तौर पर प्रयोग किए जाने वाले परिचय पत्रों के संबंध में जानकारी दी जा चुकी है। नगर में नौ मतदान केंद्र हैं। कस्बे के 41 बूथों में 34956 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। वहीं मतदान शांति पूर्वक, निष्पक्ष कराने के लिए अर्द्धसैनिक बलों के अलावा पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई है।
2096 कर्मचारी कराएंगे मतदान
भरुआसुमेरपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया विधानसभा उपचुनाव को संपन्न कराने के लिए 257 मतदेय स्थलों में 476 बूथ बनाए गए हैं। मतदान कराने के लिए 2096 कर्मचारी लगाए गए हैं। जबकि 48 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। उन्होंने बताया चार जोनल मजिस्ट्रेट, 36 सेक्टर व 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र में कुल 401697 मतदाता हैं। सभी पोलिंग पार्टियों बूथों पर पहुंच गई हैं। सभी संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथों पर बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ के जवानों के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के दौरान जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक एसके सिंह, सीओ सदर अनुराग सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आरके सिंह, डीपीआरओ डा. दुर्गा प्रसाद तिवारी, परियोजना निदेशक चित्रसेन सिंह, एसडीएम सदर राजेश कुमार, एसडीएम मौदहा अजित परेश सहित सभी तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।