हमीरपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव खत्म होते ही एक बार फिर जिले में ब्लाक प्रमुख पदों के चुनाव की घोषणा से सरगर्मी तेज हो गईं हैं। राज्य निर्वाचन आयोग नेे सोमवार को जारी आदेश में चुनाव की घोषणा कर दी है। आठ जुलाई को नामांकन होगा तो 10 जुलाई को मतदान के बाद मतगणना होगी।
जिले में सात विकासखंड हैं। क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर विभिन्न दलों में खासकर भाजपा व सपा में सीधी भिड़ंत के आसार हैं। बीडीसी सदस्यों को अपने पाले में करने के लिए प्रत्याशी जोर लगाए हैं। कई प्रत्याशियों ने सदस्यों को प्रलोभन देकर उनके प्रमाणपत्र भी अपने पास रख लिए हैं। सपा में तो प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई हैं, लेकिन भाजपा में टिकट पाने के लिए घमासान जारी है। बीडीसी सदस्यों की आवभगत के साथ प्रलोभन दिए जा रहे हैं। इनमें होने वाले क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में कुरारा, सुमेरपुर व गोहांड की सीट अनारक्षित हैं।
वहीं मौदहा ब्लाक प्रमुख पद महिला, मुस्करा सीट पिछड़ा वर्ग व सरीला ब्लाक प्रमुख पद की सीट पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है। जबकि राठ ब्लाक प्रमुख सीट अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं। कुरारा ब्लाक में 47 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। सुमेरपुर में 84, मौदहा में 82, मुस्करा में 68, राठ में 46, गोहांड में 52 व सरीला ब्लाक में 54 बीडीसी हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एसके शुक्ला ने बताया आठ जुलाई को ब्लाक प्रमुख पदों का नामांकन पत्र संबंधित ब्लाकों में सुबह 11 से तीन बजे तक जमा कराए जाएंगे। उसी दिन तीन बजे के बाद इनकी जांच होगी। नौ को 11 से तीन बजे तक उम्मीदवार नाम वापसी कर सकेंगे। 10 जुलाई को सुबह 11 से तीन बजे तक मतदान होगा। बताया तीन बजे से मतगणना व परिणाम घोषित किए जाएंगे।