मुस्करा (हमीरपुर)। कस्बे की मुख्य बाजार स्थित कपड़े के शोरूम वस्त्र लोक से लगभग दो सप्ताह पूर्व हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस ने माल सहित दो शातिर चोरों को असलहा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
13 जनवरी की रात कस्बे में वस्त्रलोक शोरूम में चोरी हुई थी। शोरूम मालिक अतिन गुप्ता उर्फ लवी ने थाने में चोरी की सूचना दर्ज कराई थी। एसपी कमलेश दीक्षित ने निरीक्षण कर जल्द ही घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। क्षेत्राधिकारी अभय कुमार राय ने बताया कि थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ
बसवारी तिराहे से दो युवकों को घेरकर पकड़ लिया। दोनों का हुलिया सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरों से मिलता-जुलता था। पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की घटना कबूल की। उनके पास से तमंचा, कारतूस एवं
वस्त्रलोक से चोरी दो पैंट शर्ट व स्वेटर एवं 2250 रुपये बरामद हुई। चोरों ने अपना नाम भूरा उर्फ हरिकिशन राजपूत निवासी कुंहेड़ा थाना मझगवां व पवन राजपूत निवासी नकरा थाना पनवाड़ी जनपद महोबा बताया है।