राठ। तहसीलदार दिलीप कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह किसान की तलाश में शुक्रवार देर शाम उनके घर में दबिश दी। ताला तोड़कर उनकी तलाश की गई है। उनके अधिवक्ता भाई ने पुलिस पर प्रीतम सिंह को लापता करने का आरोप लगाया था। इसी मामले में उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश करने के आदेश हैं।
भाजपा नेता प्रीतम सिंह किसान के बड़े भाई अधिवक्ता वीरसिंह राजपूत ने बताया कि 18 अक्तूबर एक बजे भाई के पेट्रोल पंप पर कुछ लोगों से मामूली विवाद हो गया था। मामले में कोतवाली के इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस उनके भाई को अपने साथ ले गई थी। राइफल, सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर व कुछ कैश ले गए थे।
बताया कि 19 की सुबह तक भाई कोतवाली में थे। इसके बाद जानकारी नहीं मिली कि पुलिस ने उन्हें कहां रखा है। मामले में उन्होंने उच्च न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय ने पुलिस को आदेश दिया कि प्रीतम सिंह किसान को किसी भी हालत में सोमवार को कोर्ट में हाजिर करें। कहाकि संदेह के आधार पर अधिकारियों ने उनके भाई के कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली है।
सीओ राजीव प्रताप सिंह ने कहा कि प्रीतम सिंह की मोबाइल लोकेशन घर के अंदर ही मिल रही थी। उनकी तलाश के लिए पेट्रोल पंप स्थित उनके आवास पर गए थे। कहा कि मजिस्ट्रेट का आदेश लेकर गए थे और कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। इस दौरान सीओ राजीव प्रताप सिंह, जरिया थानाध्यक्ष मयंक सिंह चंदेल, कोतवाली के एसएसआई शिवसहाय सरोज सहित भारी पुलिस फोर्स रहा।