भरुआसुमेरपुर। थानाक्षेत्र के एक गांव में एक पखवारे पूर्व तीन बच्चों को छोड़कर पुरुष मित्र संग गई महिला को हिरासत में लेकर परिजनों को सौंपने की बजाय पुरुष मित्र को सौंपना पुलिस के लिए आफत बन गई है। गायब महिला की बहनों के हंगामा काटने के साथ थाने में डेरा जमा लिया है। अब पुलिस महिला की तलाश के लिए छत्तीसगढ़ रवाना हुई है।
झारखंड निवासी एक युवती का विवाह दस वर्ष पूर्व बांकी गांव निवासी एक युवक के साथ हुआ था। इसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। एक पखवारे पूर्व गांव निवासी एक युवक के साथ चली जाने पर पति ने पुलिस में सूचना दर्ज कराई थी। पुलिस ने विगत दिवस महिला सहित उसके पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महिला के पति और मायके वालों को सूचना दे दी। वहीं महिला ने पति की बजाय मित्र के साथ रहने की बात कही। पुलिस ने मायके वालों के आने के पूर्व महिला को पुरुष मित्र के संग जाने दिया। पुलिस के चुंगल से छूटते ही दोनों गांव जाने की बजाय बाहर चले गए।
पुलिस गायब महिला को बरामद करने के लिए छत्तीसगढ़ रवाना हुई है। गायब महिला की लोकेशन छत्तीसगढ़ में मिल रही है। थानाध्यक्ष भरत कुमार ने बताया कि गायब महिला बालिग है। उसने पति की बजाय युवक के साथ रहने की इच्छा जताई थी। उसकी मर्जी के मुताबिक जाने दिया गया था। अब महिला की बहनें उसकी बरामदगी की मांग कर रही है।