संवाद न्यूज एजेंसी
भरुआ सुमेरपुर। इंडियन बैंक में फर्जी हस्ताक्षर बनाकर खाता धारकों के खाते से लाखों रुपए की नगदी उड़ाने वाले सफाई कर्मी को पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के चार माह बाद हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बैंक का लिपिक अभी भी फरार है।
कस्बे के इंडियन बैंक शाखा में सफाई कर्मी पद पर तैनात शिवम सविता ने बैंक के लिपिक नागेंद्र सिंह से सांठगांठ बनाकर बैंक के खाता धारकों के खाते से करीब 27 लाख रुपए निकाल लिए थे। खुलासा होने के बाद दोनों भूमिगत हो गए थे। खाता धारकों की शिकायत पर जांच पड़ताल के बाद शाखा प्रबंधक संदीप सिंह परिहार ने अगस्त 2023 में लिपिक के साथ सफाई कर्मी को नामजद करके मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमा दर्ज होने के पूर्व से ही दोनों घरों से फरार थे। शनिवार को पुलिस ने सफाई कर्मी शिवम सविता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लिपिक नागेंद्र सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।