हमीरपुर। बेघर लोगों को खुद की छत मुहैया कराने के लिए वर्ष 2017-18 में लागू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना का क्रियान्वयन शहर में आठ साल बीतने के बाद भी गर्त में है। यही कारण है कि पांच साल पहले स्वीकृति हुए आवास की छत अभी तक नहीं पड़ सकी है। किस्तों के अभाव में लाभार्थियों के घर की छत के सपने अटके हैं।
वर्ष 2017-18 से लेकर 2023-24 तक जिले को कुल 13,268 शहरी पीएम आवास बनाए जाने की स्वीकृति मिली थी, लेकिन इनमें से डूडा विभाग 13,005 आवास पूरे होने का दावा कर रहा है। जबकि अभी भी 114 लाभार्थियों को छत पड़ने का सपना अधूरा है। विभाग इनको नोटिस जारी कर जल्द से जल्द छत डलवाए जाने के लिए निर्देशित कर रहा है और योजना की तीसरी किस्त भी रोक रखी है। वहीं 24-25 में जिले को एक भी आवास नहीं मिले।
सदर तहसील के वार्ड कुछेछा निवासी लाभार्थी रहमान उर्फ पप्पू ने बताया कि वह अविवाहित है। उसका बड़ा भाई व उसके बच्चे अलग रहते हैं। उसका वर्ष 2021 में पीएम आवास स्वीकृति हुआ था। योजना के तहत उसे दो किस्त प्राप्त हो चुकी हैं। दूसरी किस्त के 38 हजार रुपये घर से चोरी हो जाने के कारण उसकी छत नहीं पड़ पा रही है। तीसरी किस्त अटकी होने से छत का सपना पूरा नहीं हो पा रहा है। जबकि विभाग से कई बार तीसरी किस्त भेजे जाने की गुहार लगा चुका है।
-
114 लाभार्थी नहीं डाल पाए छत
वर्ष 2017-18 से लेकर 2023-24 तक जिले को कुल 13,268 शहरी पीएम आवास बनाए जाने की स्वीकृति मिली थी। इनमें से डूडा विभाग 13,005 आवास पूरे होने का दावा कर रहा है। छत लेबल तक 13,205 आवास पूरे हैं। अभी भी 114 आवास अधूरे हैं। वर्ष 2017-18 में कुल 978 शहरी पीएम आवास जिले को मिले थे। सभी लाभार्थियों ने अपने आवास पूरे करा लिए। वहीं, 2018-19 में कुल 4,108 लाभार्थियों का चयन किया गया। इनमें 4,085 लाभार्थियों ने अपने आवास पूरे कर योजना की तीनों किस्तें प्राप्त की, जबकि 4,101 आवास छत लेबल तक पूरे होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, 15 आवास अभी भी निर्माणाधीन हैं। वर्ष 2019-20 में 1,040 लाभार्थियों का चयन किया गया। इनमें 1,027 को तीनों किस्तें मिली हैं। जबकि पांच आवास अधूरे हैं। साल 20-21 में 3,229 के सापेक्ष 3,137 को तीनों किस्तें जारी की गई हैं। इनमें अभी भी 54 आवास अधूरे हैं। वहीं, 2022-23 में 1,599 लक्ष्य के सापेक्ष 1546 को तीसरी किस्त प्राप्त हुई हैं। 1596 लाभार्थियों के आवास छत लेबल तक पूरा होने का दावा किया जा रहा है, जबकि नौ आवास अभी भी अधूरे हैं। वर्ष 2023-24 में 2314 लक्ष्य के सापेक्ष 2232 को तीनों किस्तें जारी कर दी गई हैं। जबकि अभी भी 31 आवास अधूरे हैं।
-
2,087 लाभार्थियों के खातों में पहुंच एक-एक लाख
जिला डूडा अधिकारी पैगाम हैदर ने बताया कि जनपद में तीन नगर पालिका व चार नगर पंचायत हैं। इनमें करीब तीन लाख से अधिक आबादी निवासी करती है। चालू सत्र 2025-26 में कुल 15,000 लाभार्थियों ने पीएम आवास योजना शहरी- 2.0 के तहत आवेदन किए थे। आवेदनों की जांच के बाद डूडा विभाग ने 2,686 पात्र लाभार्थियों की सूची स्वीकृति के लिए शासन को भेजी थी। इनमें अब तक 2,087 लाभार्थियों के खातों में शासन स्तर से योजना की प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। 23-24 के 114 आवासों में 40 से अधिक आवास पूरे करा लिए गए हैं। करीब 70 आवास निर्माणाधीन हैं। जल्द इन्हें भी पूरा कराया जाएगा।