भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत बडयाणा गांव के पास एक वाहन चालक ने गाड़ी से पास मांगने पर पीट दिया गया। पुलिस ने शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता निवासी गांव जिंदड़ डाकघर कड़ोहता तहसील व थाना भोरंज ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 17 जनवरी की शाम करीब सात बजे वह भकरेड़ी से अपने घर निजी गाड़ी से जा रहा था।
इसी बीच बडयाणा के नजदीक सामने से एक अन्य गाड़ी आई। इसके चालक को उन्होंने पास लेने के लिए गाड़ी को पीछे करने के लिए कहा तो चालक सहित गाड़ी में बैठे तीनों व्यक्तियों ने इसके साथ मारपीट करना शुरू कर दी। इस दौरान पीछे से आए एक अन्य गाड़ी के चालक ने शिकायतकर्ता को छुड़ाया। जब वह यहां से गाड़ी की तरफ जाने लगा तो तीनों ने फिर से उसका रास्ता रोककर मारपीट की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।