हमीरपुर। साइबर क्राइम पुलिस ने ई-केवाईसी के जरिये अलग-अलग लोगों के नाम पर सिम चालू कराकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले राहुल यादव (22) निवासी ददरी राठ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 37 सिम कार्ड, दो मोबाइल फोन और 600 रुपये बरामद किए।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य लोन समूहों से जुड़ी महिलाओं को केवाईसी अपडेट कराने के बहाने उनकी जानकारी के बिना सिम एक्टिवेट कराते थे। राहुल सिमकार्डों को हरियाणा समेत अन्य राज्यों के साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। पूछताछ में करीब 400 से 500 सिम एक्टिवेट कराने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में इनमें से कुछ सिम कार्डों का इस्तेमाल कई राज्यों में साइबर अपराधों में किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। राहुल साइबर क्राइम थाने में दर्ज दो मामलों में वांछित था। उसे कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।