भरुआसुमेरपुर में बिजली की अघोषित कटौती को लेकर व्यापार मंडल एवं भाजपा महिला मोर्चा ने पावर सबस्टेशन में प्रदर्शन कर हाइवे पर जाम लगा दिया। उपखंड अधिकारी के समस्या के समाधान के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू व भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष मीना यादव की नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारी व कार्यकर्ताओं ने बिजली की अघोषित कटौती के विरोध में सब स्टेशन में जमकर प्रदर्शन किया।
उसके बाद सब स्टेशन के सामने ही गुस्साए व्यापारियों ने हाइवे पर जाम लगा दिया और पावर कारपोरेशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही अघोषित कटौती को तत्काल बंद करने की मांग की। जाम की खबर पाकर कस्बा इंचार्ज गोपाल अवस्थी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया।
लेकिन अंादोलनकारी विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात पर अड़े रहे। अपरजिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीओ कुमार सौरभ मौके पर पहुंचे। एसडीओ को देखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पावर कारपोरेशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लेकिन 24 घंटे के अंदर अघोषित विद्युत कटौती बंद कराने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी माने। तब कहीं जाकर हाईवे का जाम खुल सका। प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ को ज्ञापन भी सौंपा। इसदौरान अनुज गुप्ता, अमित गुप्ता, राजकुमार शिवहरे, गीता वर्मा, ललिता सोनकर, आशा सिंह, शुभम मिश्रा, हेमू गुप्ता, मृत्युंजय गुप्ता, रामसिंह, चुन्नू गुप्ता, नरेश शर्मा सहित सैकड़ो व्यापारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।