कांशीराम कालोनी के लोगों को समझाते एडीएम डा.राजेश कुमार प्रजापति।
- फोटो : अमर उजाला
पेयजल समस्या से जूझ रहे कांशीराम कालोनी के बाशिंदों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। सैकड़ों महिलाओं के साथ लोगों ने लक्ष्मीबाई तिराहे पर हाईवे में जाम लगा दिया। करीब 15 मिनट तक चले जाम में मौदहा तहसील दिवस में प्रतिभाग करने जा रहे एडीएम व एएसपी फंस गए। जिन्होंने जाम लगाए लोगों को टैंकरों के सहारे पेयजल आपूर्ति करने का आश्वासन दिया तब वह मानें और जाम खुल सका।
सरकार बदलने के बाद से कांशीराम कालोनी के बाशिंदों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। इन दिनों जलभराव व पेयजल संबंधी समस्याओं से बाशिंदे जूझ रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व नलकूप की मोटर फुंकने के बाद से कालोनी के लोग हैंडपंपों के सहारे हैं। लगातार पेयजल समस्या झेल रहे मंगलवार की सुबह कालोनी के एक सैकड़ा से अधिक लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
जाम लगने के करीब 15 मिनट बाद एडीएम राजेश कुुमार प्रजापति व एएसपी बीके मिश्रा मौदहा तहसील में आयोजित तहसील दिवस में प्रतिभाग करने के लिए गुजरे, लेकिन जाम के कारण निकल नहीं सके। कांशीराम कालोनी निवासी पिट्ठलू, इंद्रजीत आदि ने बताया कि ट्यूबवेल की मोटर आएदिन फुंकती है। जिससे कई-कई दिन तक पेयजल नहीं मिलता है। तब एडीएम ने जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल टैंकर से आपूर्ति कराने का निर्देश दिया, तब कहीं जाम खुल सका।