भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत मवईजार में करीब 26 लाख रुपये की लागत से तीन वित्तीय वर्षों में कराया गया नाला निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 250 मीटर नाला निर्माण का भुगतान होने के बावजूद मौके पर 19 मीटर नाला का निर्माण नहीं हुआ है। शिकायतकर्ता ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
मवईजार निवासी ब्रजेंद्र सिंह ने शनिवार को समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया। बताया कि ग्राम पंचायत में वित्तीय वर्ष 2016-17, 2019-20 और 2020-21 में करीब 26 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया गया था। अभिलेखों में नाला की लंबाई 250 मीटर दर्शाकर भुगतान किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार मौके पर करीब 231 मीटर नाला ही बना है। 19 मीटर निर्माण कार्य अधूरा है।
आरोप लगाया कि पूर्व में की गई शिकायत का खंड विकास अधिकारी स्तर से सही तरीके से निस्तारण नहीं किया गया और नाला को पूर्ण दर्शा दिया गया। वहीं तत्कालीन प्रधान महेश शिवहरे ने आरोपों को पंचायत चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि चुनाव को देखते हुए उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से शिकायत की जा रही है। बताया कि कराई गई जांच में मौके पर नाला निर्माण पूर्ण पाया गया है। बीडीओ संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर शिकायत मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।