भरुआ सुमेरपुर। हमीरपुर डिपो की बस का सेल्फ फंस जाने से वायरिंग में आग लग गई। आग लगने से बस धुआं भर गया। जिस पर यात्रियों में भगदड़ मच गई। जल्दबाजी में उतरने के चक्कर में कई यात्री चुटहिल हो गए। कई यात्री खिड़की से कूदकर बाहर निकलते दिखे।
शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे हमीरपुर डिपो की बस करीब 35 सवारियां लेकर बांदा जा रही थी। तभी कस्बे के लक्ष्मीबाई तिराहा के पास बस का सेल्फ फंस जाने से वायरिंग में आग लग गई। आग लगने से बस में तेजी से धुंआ भरने लगा। जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई और जल्दबाजी में उतरने के चक्कर में कई लोग चुटहिल हो गए। चालक ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। सवारियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
वहीं दोपहर 12:15 बजे किसी ने बस में आग लगने की सूचना फायर बिग्रेड व डायल 112 को दे दी। इस पर दोनों टीमें घटना स्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक बस घटना स्थल से जा चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में धुंआ निकलने बाद थोड़ी देर खड़ी रही उसके बाद चालक वायरिंग को ठीकठाक करके लेकर चला गया। एआरएम आरपी साहू ने बताया कि बस चेक होकर डिपो से गई थी। बस में आग नहीं लगी है। सेल्फ में खराबी आने से ओवरहीट हो गया। इससे बस में धुआं भर गया था। आग नहीं लगी है। इसके बाद बस बांदा भी गई और वापस आ गई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
-
शासन को भेजी गई रिपोर्ट
- चित्रकूट धाम मंडल बांदा के आरएम संदीप अग्रवाल और एसएम वीके मौर्या ने डिपो पहुंचकर बस का मुआयना किया। एआरएम आरपी साहू की मौजूदगी में घटना के कारणों की जांच की। इसके बाद मामले की रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
-
12 लाख किमी. चल चुकी है बस
- डिपो के एआरएम ने बताया कि बस करीब 12 लाख किमी चल चुकी है। 15 साल पूरे होने में उसे एक माह बाकी है। एक माह बाद उसे रुट से हटा दिया जाएगा। जल्द ही उन्हें नई बसें भी मिलनी हैं।