फोटो16एचएएमपी 28- गेंद पर शॉट मारता बल्लेबाज। संवाद
मुस्करा (हमीरपुर)। रॉयल क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल शुक्रवार को रामबाग राठ और पनवाड़ी टीम के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में पनवाड़ी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामबाग राठ को 90 रन से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
पनवाड़ी की बल्लेबाज़ी का दम रॉयल ग्रुप के सदस्यों सत्यम राजपूत और बॉबी लखेरा के अनुसार, रामबाग राठ के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और पनवाड़ी को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पनवाड़ी ने निर्धारित 20 ओवर में 148 रन बनाए। बल्लेबाज संजय सिंह परिहार ने 37 गेंदों में 68 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल थे। प्रिंस परमार ने 18 गेंदों में 38 रन और पुष्पराज ने 9 गेंदों में 14 रन का योगदान दिया। पनवाड़ी की टीम 148 रन पर ऑलआउट हो गई। रामबाग राठ की ओर से गेंदबाजी में प्रशांत ने तीन ओवर में 24 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि विशाल को दो विकेट मिले।
रामबाग राठ की बल्लेबाज़ी ध्वस्त जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामबाग राठ की टीम पनवाड़ी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई। शुरुआत बेहद खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। मात्र 15 ओवर में टीम 58 रन पर ऑलआउट हो गई। रामबाग राठ की ओर से प्रशांत ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, लेकिन कोई भी अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पनवाड़ी की ओर से सचिन और जावेद गुर्जर ने तीन-तीन ओवर में नौ-नौ रन देकर दो-दो विकेट लिए। इस्माइल खान और कासिम अली को एक-एक विकेट मिला। पनवाड़ी की घातक गेंदबाजी के आगे रामबाग राठ की पारी पूरी तरह बिखर गई और पनवाड़ी ने मुकाबला 90 रन से अपने नाम कर लिया।
मैच में एमएलसी जितेंद्र सेंगर, ऋतुराज सिंह, मुन्ना गुरु बसौठ, जिला पंचायत सदस्य करण सिंह दद्दू, ब्लॉक प्रमुख मुस्करा वीर नारायण सिंह राजपूत, राजेश कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने पनवाड़ी टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। कमेंट्री सैंडी द्विवेदी, अश्वनी पांडे, अमित त्रिवेदी और पंकज शुक्ला ने की, जबकि अंपायरिंग की जिम्मेदारी राघवेंद्र करनाल और निश्चल दीक्षित ने निभाई।