हमीरपुर। सर्द मौसम में लोग खांसी-जुकाम और त्वचा रोग से परेशान हैं। खांसी 15 दिन बाद भी ठीक नहीं हो रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना खांसी से पीड़ित 40 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सक इसे मौसमी वायरल संक्रमण का असर बता रहे हैं।
जिला अस्पताल में शुक्रवार को कुल 777 मरीजों ने परचा कटवाया। इनमें 373 पुरुष, 293 महिलाएं और 111 बालरोगी शामिल रहे। चिकित्सकों के अनुसार, बीते एक सप्ताह में खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। फिजिशियन डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया कि संक्रमण ज्यादातर गले और श्वसन तंत्र को प्रभावित कर रहा है। मरीजों में गले में दर्द, बलगम, बुखार और खांसी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। कई मरीजों के जांच में पाया गया कि 15 दिन तक खांसी ठीक नहीं हो रही है। ऐसे मरीजों के बलगम की जांच भी कराई जा रही है। तापमान नीचे जाने, सुबह-शाम ठंड, धूलकण, प्रदूषण और ठंडी वस्तुओं के सेवन से बीमारी लंबे समय तक टिक रही है। सलाह दी है कि ठंडी हवा से बचाव करें, गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें और गरम पानी पीएं और भाप लें।
वहीं, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप ने बताया कि त्वचा संबंधी रोगी ठंड में बढ़े हैं। ठंड के चलते नमी होने से त्वचा में सूखापन आ जाता है। इससे चेहरे पर चक्कते, खुजली आदि की शिकायत होती है। साथ ही एक्जिमा भी परेशान कर रहा है। शुक्रवार को ओपीडी में करीब 40 मरीजों को परामर्श व उपचार दिया गया।