हमीरपुर। गांव की सरकार चुनने के बाद अब ग्राम पंचायतों को उनके बेहतर कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 100 अंक के प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली पांच ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा।
डीपीआरओ राजेंद्र प्रकाश ने बताया योजना के तहत ग्राम पंचायतों को पंचायत पोर्टल पर 15 अगस्त तक आवेदन करने हैं। आवेदन करने वाली ग्राम पंचायतों के जिम्मेदार 100 अंक की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। पुरस्कार योजना का उद्देश्य पंचायतों को आदर्श बनाना, ग्राम पंचायतों को स्मार्ट ग्राम के रूप में विकसित करना और बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहित करना है।
इस साल जिले से पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाना है। आवेदन के बाद पंचायत के जिम्मेदार प्रतिभाग करेंगे। जिसके बाद जिला स्तरीय समिति डीएम की अध्यक्षता में जांच करेंगे। पंचायत का स्थलीय सत्यापन भी होगा। रिपोर्ट के बाद चयनित होने वाली पंचायतों की सूची शासन भेज दी जाएगी। डीपीआरओ ने कहा अभी तक तीन ग्राम पंचायतों से आवेदन हो चुके हैं।
पांच विषयों पर होगी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किए जाने के लिए मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार के लिए पांच विषयों पर प्रश्न पूंछे जाएंगे। जिसमें कोविड प्रबंधन पर 12 अंक, स्वच्छता प्रबंधन पर 20 अंक, पर्यावरण सुरक्षा पर 12 अंक, बेहतर स्वशासन पर 15 अंक, सामाजिक सौहार्द व सहभागिता पर 11 अंक व ग्राम पंचायत विकास योजना पर 30 अंकों के सवाल शामिल होंगे। ग्राम पंचायतों को यह जवाब देकर पुरस्कार योजना में स्थान बनाना होगा।
इस तरह होगा पुरस्कार
प्रथम स्थान पाने वाले को आठ लाख रुपये, द्वितीय को सात लाख, तृतीय को पांच, चौथे को तीन व पांचवें स्थान पर रहने वाली ग्राम पंचायत को दो लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी। उक्त धनराशि को ग्राम पंचायतें विकास कार्य में खर्च करेंगी।