हमीरपुर। जिला अस्पताल में 900 लीटर क्षमता का लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट कंपनी ने भेजा है। इसकी करीब 35 लाख कीमत बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन के पास कोई निर्देश न आने से इसकी सुपुर्दगी करने को तैयार नहीं है। कंपनी के वर्करों ने बिना किसी अनुमति के अस्पताल परिसर में प्लांट को उतार दिया और चले गए। हालांकि, इस प्लांट के लगने से मरीजों को सुविधा मिलेगी।
जिला अस्पताल के लिए करीब 900 लीटर क्षमता का एलएमको ऑक्सीजन प्लांट शासन ने दिल्ली से खरीद कर काॅरपोरेशन के माध्यम से सोमवार को जनपद भेज दिया था। जिला अस्पताल में स्थान न होने व शासन से स्पष्ट आदेश न मिलने के कारण सीएमओ ने प्लांट उतारने से साफ इंकार कर दिया। दिल्ली के एलएमको कंपनी से प्लांट लेकर आए कंपनी के वर्कर पंकज कुमार ने सीएमओ को कॉरपोरेशन के समस्त कागजात दिखाए। जिसे देखकर सीएमओ असमंजस में पड़ गए, लेकिन उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में कोई स्थान न होने के कारण वह प्लांट लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं।
प्लांट लिए खड़े ट्रक के ड्राइवर ने 36 घंटे बाद थककर सीएमओ से बात की। वर्करों से मदद लेकर अस्पताल परिसर के पीछे प्लांट उतार दिया है। जो लावारिस हालात में पड़ा है।
दो साल पूर्व तत्कालीन सीएमओ को शासनादेश मिले थे। जिसके तहत कंपनी ने प्लांट भेजा है। जो जिला अस्पताल परिसर में लगाया जाना है। कहा कि प्लांट लेने के लिए उनको कोई नया आदेेश नहीं मिला है। पुराने आदेश के आधार पर ही प्लांट भेजा गया है। जिसको उन्होंने रिसीव नहीं किया है। जिसकी क्षमता करीब 900 लीटर है। वह इसको कहां रख गए, इसकी हमारी कोई जिम्मेदारी नहीं है। - डॉ. गीतम सिंह, सीएमओ