मुस्करा (हमीरपुर)। फसल की कम पैदावार होने से परेशान शिक्षामित्र ने शनिवार पशुबाड़े में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुस्करा के बिहुनीकला निवासी शिक्षामित्र करन सिंह (40) क्षेत्र के मुल्लू पाल डेरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थे।
शनिवार दोपहर दो बजे शिक्षामित्र ने फांसी लगा ली। मृतक अपने पीछे पुत्र नीरज व धीरेंद्र और पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। उनके बड़े बेटे नीरज ने बताया शनिवार दोपहर घर में किसी को बिना बताए पिता पशुबाड़े में गए। वहां फांसी लगा ली।
कहा फांसी लगाने पर वह खुद भी नहीं समझ पा रहे कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया। उधर गांव में चर्चा है मृतक ने इस वर्ष 40 बीघा जमीन बलकट पर लेकर खेती की थी। जिसमें उसे काफी नुकसान हुआ। जिससे परेशान था। थानाध्यक्ष बांकेबिहारी ने बताया जांच की जा रही है।