राठ सीएचसी में घटना की जानकारी देते मृतक के परिजन
- फोटो : HAMIRPUR
राठ (हमीरपुर)। लॉकडाउन के चलते काम-धंधा ठप होने से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। इकलौते कमाऊ बेटे की मौत से गर्भवती पत्नी व वृद्ध पिता बेसहारा हो गए हैं।
फरसौलियाना निवासी किशोरीलाल सोनी ने बताया उनका इकलौता पुत्र राहुल (26) कोटबाजार स्थित एक दुकान के बाहर आभूषणों की सफाई का काम करता था। मंगलवार को वह मकान के बाहरी कमरे में लेटे थे, जबकि राहुल अंदर वाले कमरे में सोने चला गया। बताया बुधवार सुबह करीब 4 बजे वह लघुशंका के लिए उठे तो बेटे राहुल का शव कमरे में पंखे पर रस्सी के सहारे झूलता देखा।
बताया लॉकडाउन के कारण काम-धंधा बंद होने पर परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। हालत यह हो गई कि आगे चलकर भोजन के भी लाले पड़ने वाले थे। 6 मई को उसका विवाह मध्यप्रदेश की सुनीता से हुआ था। वह गर्भवती है। एसडीएम अशोक कुमार यादव ने कहा परिवार की तरफ से कभी कोई मदद नहीं मांगी गई है।
युवक द्वारा आत्महत्या के कारण की जांच कराई जा रही है। पहली नजर में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। जांच के बाद ही कुछ स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि आर्थिक परेशानी की बात सामने आई तो सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।