राठ। सीएचसी में एंबुलेंस पर काम कर रहे एक दर्जन कर्मचारियों को तीन माह से मानदेय नहीं मिल रहा है। जिससे कर्मचारियों के परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। गुरुवार को कर्मचारियों ने हाथों पर काली पट्टी बांध विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को बीते दो माह से मानदेय नहीं मिला है। तीसरा माह चल रहा है लेकिन अभी भी विभाग द्वारा कोई सुध नहीं ली गई है। मानदेय न मिलने से कर्मचारियों के परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारियों के परिवार नए वर्ष की खुशियां भी नहीं मना पाए।
कहा कि विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। जिससे आक्रोशित होकर कर्मचारियों ने गुरुवार को सीएचसी में विरोध प्रदर्शन किया है। निर्दोष कुमार, मौसिन खां, मकसूद बेग, सत्यप्रकाश, हीरालाल, महेश कुमार, शिवप्रकाश, सत्येंद्र, पूरन सिंह, बिहारी, अखिलेश चौहान, विवेक सोनी, शैलेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।