फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौरंग लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने मां-बेटे को रौंदा, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। चोरी कर लाई मौरंग लेकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली एक मकान से टकराकर बाहर चारपाई पर सो रहे मां-बेटे को कुचलते हुए गुजर गई। इसके बाद ट्रैक्टर बगल के दो और मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। दुर्घटना में घायल मां-बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए चालक ट्रैक्टर को रिहायशी इलाके की ओर भगा ले गया था। जिससे यह हादसा हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने शनिवार की सुबह फोरलेन पर कालपी चौराहे के पास जाम लगाकर मुआवजे की मांग शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ के आश्वासन पर करीब आधे घंटे बाद जाम खुला। घटना के बाद चालक व क्लीनर मौके से भाग निकले। चोरी छिपे मौरंग के वाहनों को लोकेशन देने वाले युवक दो बाइकें छोड़कर भाग गए। जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
विज्ञापन

सख्ती के बाद भी मौरंग के धंधे से जुड़े लोग चोरी छिपे इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं। इतना नहीं चोरी व ओवरलोड लदे मौरंग के वाहनों को मुख्यालय की सीमा से बाहर पास कराने के लिए लोकेशन का भी खेल खेला जा रहा है। कुछ इसी प्रकार का एक मामला शनिवार की सुबह करीब तीन बजे हुआ। एक ट्रैक्टर ट्राली में मौरंग लादकर चोरी छिपे बिना रायल्टी के कालपी चौराहे की ओर ले जाया जा रहा था। लोकेशनबाजों ने ट्रैक्टर चालक को लोकेशन के जरिये सूचना दी कि कालपी चौराहे के पास कोतवाली पुलिस व यूपी 112 लगी है। इस पर चालक ने अपनी दिशा बदल दी।
चालक ट्रैक्टर को रहुनियां धर्मशाला से मोड़ कर पशु अस्पताल होता हुआ कजियाना मोहल्ले की ओर भगाता हुआ निकला। तभी कजियाना मोहल्ला स्थित छोटे बड़े सरकार के सामने से पुराने यमुनाघाट की ढलान पर चालक ट्रैक्टर ट्राली को उतारने लगा। अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे मकान के बाहर छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रही बिटोल (60) पत्नी स्व. भूरा निषाद व समीप ही सो रहे पुत्र विनोद (30) को रौंद दिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। बिटोल के बगल स्थित गरीबदास के निर्माणाधीन मकान के पिलरों को ट्रैक्टर तोड़ता हुआ इसी के बगल स्थित कैलाश निषाद के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। ट्रैक्टर के आगे के दोनों टायर फटने के बाद ट्रैक्टर सीधा खड़ा हो गया। दुर्घटना करने के बाद चालक व क्लीनर मौके से भाग निकले।
विज्ञापन

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोकेशनबाजों की दो बाइकें भी बरामद की है। साथ ही जेसीबी के सहारे दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर व ट्राली को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा कराया गया है। घटना से नाराज परिजनों व मोहल्ले के लोगों ने शनिवार की सुबह कालपी चौराहा हमीरपुर-कालपी मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया व सीओ अनुराग सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और परिजनों की मांग पर पांच लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर किसी तरह जाम खुलवाया।
मृतक विनोद मजदूरी करता था। मृतक की पत्नी मीरा पिछले साढ़े तीन साल अपने मायके में रह रही हैं। घटना की जानकारी होने पर ससुराल पहुंची। पति का शव देख वह बदहवास हो गई। कोतवाल केपी सिंह ने बताया कि मृतक के भाई रमेश की तहरीर पर चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि अभी तक की जांच में ट्रैक्टर कुलदीप कुमार का बताया जा रहा है। बरामद बाइकों की भी जांच कराई जा रही है।
पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप
विनोद की पत्नी मीरा ने उप जिलाधिकारी ज्ञापन देकर बताया कि घटना की सूचना पर वह अपने पिता व अन्य परिजनों के साथ मायके मनकी आई। तो उसके ससुराली पक्ष के रमेश, दिनेश व उनकी पत्नियों व अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसे पति व सास के शव के पास नहीं जाने दिया। पीड़िता ने अंतिम संस्कार में शामिल कराए जाने की मांग की है। उधर महिला के जेठ रमेश ने कहा कि पिछले दो साल से वह अपने मायके में रह रही है। उसने उनके परिवार से नाता तोड़ दिया है।
अनियंत्रित आटो पलटा, छह लोग घायल
भरुआसुमेरपुर। कस्बे से सवारियां लेकर मौदहा जा रहा तेज रफ्तार आटो हाईवे पर इंगोहटा के समीप प्रेम नगर में पलट गया। हाईवे पर प्रेमनगर के समीप आटो का संतुलन बिगड़ गया और हाईवे पर ही पलट गया। इस घटना में विमला (50), बीना (45), गोविंद (18) निवासीगण मौदहा, रूबी (15) निवासी बांकी, शिवम (16) निवासी पचखुरा खुर्द व कस्बा निवासी आटो चालक शकील (25) घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत नाजुक होने पर गोविंद को सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घायल चालक मौका पाकर भाग निकला। संवाद
मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोग घायल
मौदहा। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल चार लोग घायल हो गए। जनपद बांदा निवासी सौरभ (43) पुत्र सुभाष भटनागर शुक्रवार की रात बिना हेलमेट लगाए कस्बे में शादी समारोह में शामिल होकर रात 9 बजे बाइक से लौटते समय संतुलन बिगड़ने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे राहगीर सीएचसी लाए। चिकित्सक ने हालत नाजुक होने पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं नगर के मइयादीन (50), ग्राम फत्तेपुर निवासी फिरोज अहमद (32) पुत्र फारूख अहमद व संतोष (39) पुत्र स्व. छोेटेलाल सड़क दुर्घटनाओं मेें घायल हो गए। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें