राठ। जेल में बंद बल्लू खंगार गैंग के सदस्यों ने एक परिवार से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। न देने पर दोबारा बच्चों को अगवा करने की धमकी दी है।
नगर के पठानपुरा मोहल्ला निवासी अनुपमा ने बताया उनके पति हरचरन बालू खदान बैरियर में मजदूरी करते हैं। वह घर पर अपने दो पुत्रों व एक पुत्री के साथ रहती हैं। बताया शुक्रवार दोपहर धमना गांव के दो व एक अज्ञात व्यक्ति जबरन उनके घर में घुस गए। गालीगलौज करते हुए एक लाख रुपये रंगदारी मांगी। चार दिन में एक लाख रुपये न देने पर बच्चों को अगवा करने की धमकी दी है। पीड़िता ने फोन पर पति को मामले की सूचना दी। रविवार को पति के साथ कोतवाली पहुंच दो नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ अभय नारायण राय ने कहाकि मामले में गंभीरता से जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
जेल में है बल्लू खंगार
27 मार्च 2018 को अपराधी बल्लू खंगार ने अपने साथियों के साथ हरचरन की पत्नी व दो बच्चों को अगवा कर लिया था। हरचन को बांध कर घर में डाल गए थे। घटना के 10 दिन बाद झांसी के ककरबई थाना पुलिस ने मुठभेड़ में बल्लू खंगार व उसके दो साथियों को दबोच लिया था। मुठभेड़ में बल्लू घायल हुआ था। वहीं चिकासी थाना पुलिस ने महिला व दोनों बच्चों को गढ़हर रोड स्थित एक गोशाला से बरामद कर लिया था। बल्लू खंगार इस समय जेल में है। हरचरन ने बताया रंगदारी मांगने वाले उक्त तीनों लोग बल्लू खंगार गिरोह के हैं। उनकी पत्नी व बच्चों के अपहरण मामले में उक्त तीनों भी शामिल थे।