भरुआ सुमेरपुर। मुंडेरा रोड पर अतरैया मोड़ के नजदीक बाइक और ई रिक्शा में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक अधेड़ की मौत हो गई,जबकि दूसरा घायल है। ई-रिक्शा में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पचखुरा खुर्द के प्रधान अनिल कुमार यादव ने बताया कि उसका भाई अकिल कुमार (35) अपने साथी ज्ञानेंद्र (44) के साथ बाइक से मुंडेरा खाद लेने के लिए गया था और शाम बाइक से लौट रहे थे, तभी कस्बे से मुंडेरा की ओर जा रहे ई-रिक्शा से अतरैया मोड़ के पास उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार समेत ई-रिक्शा सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों ने ज्ञानेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, अकिल कुमार सहित रिक्शा सवार बिरखेरा निवासी सुमित कुमार (18), मुंडेरा निवासी शिवकुमार (45) व भूपेंद्र (35) को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया है। ज्ञानेंद्र अविवाहित था और खेती किसानी कर परिवार का सहयोग करता था। मृतक तीन भाइयों के मंझला था।