हमीरपुर। विद्युत संविदा मजदूर संगठन व विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर विद्युत आउटसोर्स व संविदा कर्मियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय सत्याग्रह किया है। कर्मचारियों ने जिला विद्युत कार्यालय पर प्रदर्शन कर आगामी 10 दिसंबर को लखनऊ में विशाल रैली प्रस्तावित की है।
विज्ञापन
विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अंबरीश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में घोषणा की गई थी कि आउटसोर्स कर्मियों के वेतन की बढ़ोत्तरी की जाएगी एवं उनका भुगतान सीधे विभाग द्वारा उनके खातों में किया जाएगा। ईपीएफ भी विभाग द्वारा सीधे जमा किया जाएगा और आउटसोर्स एजेंसी को उसका कमीशन विभाग द्वारा भुगतान किया जाएगा। साथ ही आउटसोर्स सेवा निगम बनाए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन कार्यरत संविदा कर्मियों को आउटसोर्स सेवा निगम से अलग रखने एवं ठेकेदारी व्यवस्था चालू रखने का प्रबंधन द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है, जो कतई उचित नहीं है। इसके विरुद्ध संगठन ने आंदोलन का निर्णय लिया है। 10 दिसंबर को शक्तिभवन लखनऊ में विशाल रैली एवं ज्ञापन दिया जाएगा।