फोटो 04 एचएएमपी 01- सुमेरपुर में हाईवे पर सब्जी मंडी चौराहा के पास बने गड्ढे। संवाद
= तीजा महोत्सव की तैयारियों के बीच समस्या से आहत लोगों में आक्रोश
= इसी मार्ग से निकाली जाएगी शोभायात्रा, प्रशासन से मरम्मत की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के मंडी गेट से लेकर फैक्ट्री एरिया तक कानपुर-सागर हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-34) पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। हालत यह है कि राहगीरों को इन गड्ढों के बीच सड़क ढूढ़नी पड़ रही है।
बारिश के कारण लगभग पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालकों को इससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। सबसे ज्यादा खराब हालत थाने और सब्जी मंडी चौराहे के आसपास है। गड्ढे इतने बड़े हैं कि भारी वाहनों के पलटने का खतरा बना हुआ है। दोपहिया, तिपहिया वाहन चालक और राहगीर आए दिन इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
कस्बे का ऐतिहासिक तीन दिवसीय तीजा महोत्सव 14 सितंबर से शुरू हो रहा है, जिसमें लाखों की भीड़ उमड़ती है। महोत्सव की शोभायात्रा इसी हाईवे मार्ग से निकाली जानी है। तीजा कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते गड्ढे नहीं भरे गए तो शोभायात्रा के दौरान बड़ी दुर्घटना हो सकती है, खासकर झांकियों और वाहनों पर सवार बच्चों के गिरने का खतरा है। कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश दीक्षित उर्फ बब्बू भैया, पशु बाजार मेला मैदान के मालिक पुरुषोत्तम सिंह सहित अमर सिंह, जयकरण सिंह, सौमित्र सिंह और प्रदीप सिंह ने प्रशासन से तत्काल हाईवे की मरम्मत कराने की मांग की है।
वर्जन
मंडी गेट से लेकर फैक्ट्री एरिया तक राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर काम शीघ्र शुरू कराया जाएगा। इसी हफ्ते सड़क को दुरुस्त करा दिया जाएगा। - अखिलेश कुमार, पेट्रोलिंग ऑफिसर राष्ट्रीय राजमार्ग