भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। बीते दो मार्च को उपजिलाधिकारी/प्रभारी बीडीओ के निरीक्षण में कैथी के कंपोजिट विद्यालय में एमडीएम का घोटाला सामने आया।
मौजूद बच्चों के सापेक्ष एमडीएम रजिस्टर में एक सैकड़ा से अधिक छात्र-छात्राएं अतिरिक्त दर्ज कर भोजन हजम किया जा रहा था। प्रभारी बीडीओ की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
बीते दो मार्च को प्रभारी खंड विकास अधिकारी शांतनु कुमार सिनसिनवार ने ग्राम पंचायत कैथी के कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी बीडीओ को पंजीकृत 560 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 191 मौजूद मिले थे।
मध्यांह भोजन रजिस्टर में प्रधानाध्यापक दिनेश चंद्र गौतम 303 छात्र-छात्राओं को भोजन करना दर्शा रहे हैं। इसकी रिपोर्ट बीडीओ ने जिलाधिकारी राहुल पांडेय को भेजी थी। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बीडीओ की इस कार्रवाई से शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।