चरखारी रोड पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त वैन।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के चरखारी रोड पर बाइक और वैन में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायल वृद्ध ने झांसी ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद कार चालक भाग गया। बाइक सवार शादी का सामान खरीदने राठ आ रहे थे।
कोतवाली के कस्बा खेड़ा गांव निवासी जागेश्वर प्रसाद रावत (80) के पौत्र सोनू उर्फ संतोष पुत्र राजेंद्र कुमार की 22 अप्रैल को शादी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सोनू बाबा जागेश्वर और ममेरे भाई चित्रकूट निवासी गुड्डू पुत्र दयाशंकर के साथ बाइक से शादी का सामान खरीदने राठ आ रहा था। राठ-चरखारी मार्ग पर बालाजी मंदिर के पास सामने से आ रही वैन से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें जागेश्वर की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया है। लेकिन पनवाड़ी के पास जागेश्वर की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। मृतक के पुत्र रामकुमार ने अज्ञात कार चालक के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने वैन को कब्जे में लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।