पतारा गांव की सीसी सड़क निर्माण का कार्य रुकवाकर ठेकेदार से रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों के खिलाफ शनिवार को कुरारा पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपी अभी भी कारावास में निरुद्ध हैं।
मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर कालपी फोरलेन में पतारा गांव स्थित है। हाईवे से पतारा गांव जाने के लिए जर्जर मार्ग है। इस मार्ग को लोनिवि द्वारा सीसी मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका ठेका र्साईं इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के मालिक पंकज श्रीवास्तव के पास है। फरवरी से मार्ग के निर्माण का कार्य शुरू कराया गया।
तभी पतारा गांव के दबंग रोहित यादव पुत्र वीर सिंह यादव व कुवंर पाल पुत्र स्व.ओंकार यादव ने ठेकेदार से बतौर रंगदारी दिए जाने की मांग की। तब ठेकेदार ने कुरारा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद काफी दिनों तक कार्य नहीं शुरू हो सका था।
बाद में पुलिस सुरक्षा में सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। थानाध्यक्ष सुभाष यादव ने बताया कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जिन्हें बाद में रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की गई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। जिसके चलते शनिवार को दोनों पर एनएसए के तहत कार्रवाई की गई है।