अपनों की यादों को ‘हरा-भरा’ रखने में अब वन विभाग आपकी मदद करेगा। वन विभाग अब 10 हेक्टेयर भूमि में एक स्मृति वन की स्थापना करने जा रहा है। व्यक्ति जन्मदिन, वर्षगांठ सहित अन्य अवसरों पर भी पौधरोपण कर उस क्षण की स्मृतियों को हमेशा के लिए सुरक्षित कर सकेंगे।
प्रभागीय वनाधिकारी एसडी पांडेय ने बताया कि यह एक तरह से यादों का बगीचा होगा। जिसमें कोई भी नागरिक या सामान्य जन अथवा सामाजिक संस्थाएं पौधरोपण कर सकती हैं। बताया कि इस उपवन में अपने प्रियजनों की याद और उनके जीवन के यादगार क्षणों को पौधों के रूप में रोपित किया जाएगा। कोई भी नागरिक जन्मोत्सव या वर्षगांठ या दूसरे मौकों की यादों को संजो सकते हैं।
डीएफओ ने बताया कि किसी भी अवसर कोई भी एक से अधिक पौधों का रोपण कर सकें गें। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति या संस्था विभाग से संपर्क कर स्मृतिवन का उपयोग कर सकते हैं। बताया कि स्मृतिवन में रोपित किए जाने वाले पौधों से न केवल उनकी यादें संरक्षित रहेगी बल्कि हरियाली का भी प्रसार होगा।
पौधों की देखरेख और रख-रखाव की जिम्मेदारी वन विभाग उठाएगा और इसमें आने वाले व्यय का भुगतान संबंधित व्यक्ति या संस्था को करना होगा। डीएफओ ने कहा है कि मोबाइल नंबर 9935961717 पर संपर्क कर जानकारी हासिल कर सकते हैं।