हमीरपुर। बीते दिनों कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) पर लग रहे जाम को देखते हुए समस्या से निजात दिलाने को प्रशासन सक्रिय हो गया है। जाम रोकने के लिए प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई है। ताकि हाईवे पर बढ़ रहे वाहनों के दबाव के चलते जाम न लगे और बोर्ड परीक्षाओं को लेकर आवागमन में छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कानपुर-सागर हाईवे पर 15 फरवरी से आए दिन जाम से जूझना पड़ रहा है। 20 फरवरी को ट्रकों में आई खराबी के साथ हाईवे पर वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते करीब 20 किमी लंबा जाम रहा। मुख्यालय के साथ सुमेरपुर कस्बा वासियों को स्थानीय रास्तों से निकलना मुश्किल रहा। चल रही सीबीएसई बोर्ड परीक्षा देने के लिए परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस खबर को अमर उजाला ने 22 फरवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिसे संज्ञान में लेकर प्रशासन ने सक्रियता दिखाई है। जाम न लगे इसके लिए यमुना पुल, चौरादेवी मोड़, लक्ष्मीबाई तिराहा, भाजपा कार्यालय के निकट बेतवा पुल के पास व राठ तिराहा पर पुलिस की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा यमुना पुल से राठ तिराहा तक निगरानी करने को टीम बनाई गई है। सदर कोतवाल राकेश कुमार ने ड्यूटी चार्ट तैयार कराया है।
- सदर कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि आए दिन लग रहे जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने को ड्यूटी लगाई गई है। ताकि महाकुंभ जाने व लौटने वाले यात्रियों के साथ परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। फिलहाल ड्यूटी रविवार तक के लिए लगाई गई है। जरूरत पड़ी तो इसे आगे भी बढ़ाया जाएगा।
टीमों को दी गई 12-12 घंटे की जिम्मेदारी
- यमुना पुल पर सुबह नौ से रात नौ बजे तक इंस्पेक्टर रामजी सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार व प्रदीप कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा रात में इस स्थान पर दारोगा झुल्लर पाल व राजू सिंह तैनात रहेंगे। चौरादेवी मोड़ पर दिन में दारोगा कमला यादव व कांस्टेबल गौरव जादौन तैनात रहेंगे। लक्ष्मीबाई तिराहे पर दिन में दारोगा कृष्णदेव मिश्रा,कांस्टेबल रुपेंद्र व सर्वेश को तैनात किया गया है। बेतवा पुल पर भाजपा कार्यालय के पास रात व दिन के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाई गईं है। इसी प्रकार राठ तिराहे पर भी दो टीमें लगाई गईं है। संपूर्ण भ्रमण के लिए दिन व रात के लिए दो अलग-अलग मोबाइल टीमें बनाई गईं है। टीमों की तैनाती से शनिवार को जाम की समस्या नहीं रही।
इन वजहों से लग रहा जाम
-जाम का मुख्य कारण हाईवे पर वाहनों का दबाव है। मौजूदा में हाईवे पर 24 घंटे में करीब 20 हजार से अधिक वाहन गुजर रहे हैं जबकि सामान्य दिनों में आठ से 10 हजार वाहन गुजरते रहे हैं। कई बार भारी वाहन शहर के दोनों तरफ पुल या उसके आगे पीछे खराब हो जाने से लंबा जाम लग जाता है, इसको खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट जाते हैं। जाम की समस्या दूर करने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।