भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। शुक्रवार को चंद्रावल नदी में डूबे चरवाहा का सोमवार की शाम तक सुराग नहीं लग सका। पीएसी की गोताखोर टीम शनिवार से लगातार नदी में उतरकर तलाश कर रही है। वहीं चरवाहे के लापता होने से परिजन बेहाल हैं।
मौहर गांव निवासी भगवानदीन निषाद (55) गत शुक्रवार को दोपहर भैंसों को चराने के लिए चंद्रावल नदी की ओर गया था। भैंसों के नदी के उस पार चले जाने पर वह कपड़े उतार कर नदी पार करने लगा। नदी में अधिक पानी होने एवं बहाव अधिक होने के कारण वह नदी पार नहीं कर सका और नदी में ही डूब गया था। सोमवार को पीएसी की गोताखोर टीम ने घटना स्थल से लेकर बांदा जनपद के अमारा गांव तक चरवाहे की तलाश की लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। कैथी पुलिस चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह ने बताया कि पानी के तेज बहाव को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि चरवाहा तेज बहाव के कारण बहकर केन नदी में जा सकता है। हालांकि उसकी खाेजबीन के प्रयास किए जा रहे हैं।