डाल्फिन बचाओ अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने बुधवार को बेतवा नदी में डाल्फिन की तलाश की। डाल्फिन खोजने का अभियान करीब 105 किमी जिगनी से हमीरपुर तक चलाया गया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जिगनी से चिकासी तक पानी ठीक है।
लेकिन इसके बाद पानी कम होने के चलते डाल्फिन मिलने की संभावना लगभग खत्म है।
राज्य सरकार और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से डाल्फिन बचाओ अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान में बेतवा नदी भी शामिल है। जिले में 105 किमी तक इसका प्रवाह है। बुधवार को वन क्षेत्राधिकारी सरीला जेपी श्रीवास्तव के निर्देशन में चिकासी थानाक्षेत्र के जिगनी गांव से हमीरपुर तक डाल्फिन मछली की खोज की गई।
लेकिन पानी की कमी के कारण नतीजा फ्लाप रहा। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि चिकासी के आगे नदी में पानी की भारी कमी है। इस वजह से अब नदी में डाल्फिन मिलने की संभावना खत्म हो गई है। कहीं-कहीं तो हालत ये है कि नाव को उठाकर ले जाना पड़ा। टीम में एनजीओ के सोमनाथ शुक्ला, वन दरोगा सुरजीत सिंह, वन रक्षक महेश्वरीदीन शामिल रहे। गौरतलब है कि बारिश कम होने से नदी का जलस्तर घट गया है। जबकि डाल्फिन और मगरमच्छ बरसात में ही नजर आते हैं।