हमीरपुर। शासन के निर्देश के बाद जिले में सोमवार से नो हेलमेट नो पेट्रोल लागू कर दिया गया है।एक सितंबर से 30 सितंबर तक अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
डीएम घनश्याम मीना के निर्देशानुसार जिले में नो हेलमेट नो पेट्रोल लागू कर दिया गया है। एक सितंबर से पांच सितंबर के मध्य सभी पेट्रोल पंप संचालक अपने परिसर में प्रचार-प्रसार के लिए नो हेलमेट, नो पेट्रोल का होल्डिंग लगाएंगे। इस अवधि में लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद बाइक चालकों को बिना हेलमेट का पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। साथ ही आपूर्ति विभाग को यह नियम पूरे जनपद में लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि सोमवार को शहर के रानी लक्ष्मी तिराहा स्थित पेट्रोल पंप पर लोगों को जागरूक किया गया। कुछेछा स्थित पेट्रोल पंपों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। बिना हेलमेट पहने 25 से अधिक लोगों के चालान किए गए। इस मौके पर सदर सीओ राजेश कमल, पीटीओ चंदन पांडे, टीएसआई हरविंदर सिंह सहित अन्य यातायात कर्मी मौजूद रहे।