हमीरपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदाकर्मियों ने नियमितीकरण समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। सीएमओ दफ्तर परिसर में धरना के बाद कर्मचारी हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर उतर आए। इस दौरान जमकर नारेबाजी की और कहा कि हम अपना हक अब लेकर रहेंगे।
तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार के अंतिम दिन शनिवार को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राहुल सचान ने कहा कि सरकार को चाहिए कि हमारी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर ले और उनका निस्तारण करे। जब समान रूप से काम लिया जा रहा तो समान वेतन क्यों नहीं दिया जा रहा। संविदा का ठप्पा अब बर्दाश्त नहीं होगा। संविदाकर्मियों ने पहले सीएमओ ऑफिस में धरना दिया और फिर विरोध जुलूस निकाला।
अमन शहीद, बस स्टैंड होते हुए दीक्षित तिराहा बीएसए ऑफिस से होकर सीएमओ दफ्तर परिसर पहुंचा। यहां कहा गया कि जब तक नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक समान काम के लिए समान वेतन लागू करते हुए मानदेय में तत्काल वृद्धि की जाए। इस दौरान कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि 12 अक्तूबर को लखनऊ में प्रदर्शन में शामिल होंगे।
इस दौरान महामंत्री जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र साहू, अक्षय सिंह, मंजरी गुप्ता, दीपक यादव, गौरीश, अजय वर्मा, डॉ. रश्मि खरे, डॉ. अनुराग मिश्रा, डॉ. मनीष, कल्पना सिंह, सुप्रिया सचान, जुनैद अहमद, राशिद, आरती, विमलेश आदि माैजूद रहीं।