मौदहा। क्रय केंद्र में सर्वर न आने से किसान दिनभर परेशान रहे। शाम तक सर्वर न आने से उन्हें निराश लौटना पड़ा।
शुक्रवार को सुबह खाद वितरण केंद्र क्रय-विक्रय की वितरण खिड़की में लाइन पर लगे छिमौली गांव निवासी शिवपाल ने बताया कि सर्वर न आने से आज भी खाद वितरित नहीं हो सकी है। गांव के करीब 15 किसान खाद के लिए दो दिनों से सर्वर का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं महोबा जनपद के बन्नी गांव निवासी बल्लू ने बताया कि उसकी खेती मौदहा तहसील के अंतिम छोर भरवारा में है। उसे सात बोरी खाद की जरूरत है। जिसके लिए वह कई दिन से भटक रहा है। कहा कि सुबह से बिना कुछ खाए पीए यहां बैठा है। सचिव सर्वर की खराबी बताकर खाद वितरित नहीं कर रहा है।
किसान बच्चा सिंह ने बताया गांव के 13 लोग लाइन पर खड़े हैं। कहा कि नेट खराबी के चलते आज भी खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है।
खाद प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि सुबह 13 पर्ची निकली और नेट चला गया। जो शाम छह बजे तक नहीं आया। कहा कि पीसीएफ में 245 बोरी खाद सर्वर फेल होने के कारण नहीं बंट सकी है।
पौथिया में भी सर्वर ने खूब छकाया
हमीरपुर। कृषक सेवा सहकारी समिति पौथिया में भी सर्वर न आने से किसान खाद के लिए दिन भर परेशान रहे। किसान राम औतार, बउवा, सुरजन ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे हैं सर्वर की वजह से खाद नहीं मिल रही है। सचिव बालेन्द ने बताया कि मशीन में फिंगर न लगने के कारण खाद वितरण नहीं हो सकी है। मशीन को ठीक कराने के लिए भेजा गया है। (संवाद)