भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। पल्लेदारी बढ़ाने की मांग को लेकर नवीन गल्ला मंडी के पल्लेदार हड़ताल पर चले गए हैं। पिछले दो दिनों से गल्ला मंडी में खरीद फरोख्त का कार्य ठप है।
गल्ला तिलहन व्यापार संघ के अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में पल्लेदारों की मजदूरी 16 रुपये प्रति क्विंटल है। अब 32 रुपये की मांग करते हुए पल्लेदार हड़ताल पर चले गए हैं।
पिछले दो दिन से नवीन गल्ला मंडी में खरीद फरोख्त का कार्य ठप है। हड़ताल से कारोबार ठप होने के बाद गल्ला तिलहन व्यापार संघ ने वार्ता के लिए रविवार को व्यापारियों के साथ पल्लेदारों की बैठक बुलाई है। फिलहाल पल्लेदार संघ कदम पीछे खींचने को तैयार नहीं है।
पल्लेदार संघ के रामेश्वर और कल्लू आदि ने कहा कि यहां पल्लेदारी अन्य मंडियों की तुलना में बेहद कम है। जब तक पल्लेदारी की दर नहीं बढ़ेगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
मंडी सचिव बृजेश कुमार निगम ने बताया कि हड़ताल होने से प्रतिदिन करीब एक लाख रुपये के मंडी शुल्क आदि का नुकसान हो रहा है। कहा कि पल्लेदारों की मांग दोगुना की है जो किसी तरह से भी जायज नहीं है।