भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर विजेताओं को सम्मानित किया गया। दौड़ में नंदनी और अभिषेक ने बाजी मारी।
समारोह के अंतिम दिन बुधवार को 200 मीटर दौड़ में छात्रा वर्ग में नंदिनी प्रथम, अंकिता द्वितीय व मुस्कान तृतीय रहीं। छात्र वर्ग में अभिषेक ने प्रथम, जयप्रकाश ने द्वितीय तथा सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में ऋषभ कुमार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रवि कुमार द्वितीय और सुभाष कुमार तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में संध्या प्रथम, गुड़िया द्वितीय व अनामिका तृतीय स्थान पर रहीं। 100 मीटर दौड़ में छात्रा वर्ग में नंदिनी, अंकिता व सोनिका क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में ऋषभ प्रथम, रवि द्वितीय तथा सुभाष कुमार व अभिषेक कुमार संयुक्त रूप से तृतीय घोषित किए गए। इसके अलावा लंबी कूद, जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. विद्या वर्मा ने विजेताओं को शील्ड व प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शक्ति गुप्ता ने किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. एसपी गुप्ता रहे। क्रीड़ा प्रभारी नरेंद्र देव चौधरी ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार जताया। इस अवसर पर प्रेम कुमार, मनोज कुमार, मीरा गुप्ता, देवेंद्र चौहान, आशीष गुप्ता व राममूर्ति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।