राठ। कोटबाजार में बाइक सवार युवकों ने प्रॉपर्टी डीलर के दरवाजे पर फायरिंग की। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रॉपर्टी डीलर ने पुरानी रंजिश में फायरिंग का आरोप लगाया है।
नगर के कोट बाजार मोहल्ला निवासी शेख जहीर पुत्र शेख कदीर प्रॉपर्टी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात दस बजे घर में थे। तभी सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी मुस्सु पठान पुत्र मकबूल एक अज्ञात युवक के साथ बाइक से उनके दरवाजे पर पहुंचा। आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश में गालीगलौज करते हवाई फायर किया। शोर मचाने पर पड़ोसी घरों से बाहर निकल आए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। बताया कि फायरिंग की घटना पास में लगे सीसीटीवी में रिकार्ड हो गई है। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि अज्ञात कारणों से हवाई फायर किए जाने की शिकायत मिली थी। जिसपर मुस्सु पठान पुत्र मकबूल व एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस घटना स्थल पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखे। मामले की जांच की जा रही है। संवाद