हमीरपुर। शहर से लेकर गांवों तक पूजा पंडालों में जगत जननी जगदंबा का दरबार सज गया है। सुबह-शाम पूजन के साथ दिनभर मां के जयकारे गूंज रहे हैं। कहीं देवी जागरण तो कहीं जागराता में श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे। नवरात्र के दूसरे दिन भक्तों ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा।
जिले में 807 स्थानों पर पूजा पंडाल सज गए हैं। सोमवार शाम होते ही पंडाल रंग-बिरंगी रोशनी और लाइटों से जगमगा उठे। मां की आराधना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शहर के रहुनिया मैदान, महिला कोतवाली व कांशीराम कॉलोनी स्थित देवी पंडाल में रखी दुर्गा प्रतिमाएं बेहद आकर्षक रहीं। नव युवक संघ धर्मराज कमेटी के अध्यक्ष मुकेश राज ने बताया कि कई वर्षों से कांशीराम मैदान में देवी प्रतिमा की स्थापना कर रोजाना धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष नवरात्र के पहले दिन रात्रि जागरण का आयोजन हुआ। इसमें बारहमुखी काली माता, बजरंगबली, राधा-कृष्ण, भोलेनाथ और पार्वती की झांकियां प्रस्तुत की गईं। इस मौके पर उपाध्यक्ष अनिल निषाद, उपकोषाध्यक्ष गोलू धुरिया, मंत्री विकास धुरिया, महामंत्री रोहित सोनकर, हर्ष, सुनील आदि रहे।
दुर्गा पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
कुरारा। नवरात्र के पर्व पर कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों व दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही मंदिरों में महिलाओं व बेटियों की भीड़ जुटने लगी। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र में 45 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। बेरी व पारा गांव में भक्ति का माहौल बना हुआ है। पारा गांव के रणधीर सिंह ने बताया की देवी मां की आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाता है। पतारा गांव में भी भव्य पंडाल सजाकर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है।
भक्तों ने किया मां का पूजन
भरुआ सुमेरपुर। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सजे मां दुर्गा के पंडालों में भक्तों ने पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। कस्बे में 50 से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। रामलीला मैदान, डाक बंगले में स्थापित मां दुर्गा, लक्ष्मी बाई तिराहा, कमलेश तिराहा में सजाए गए पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ जुट रही है।