फोटो 11 एचएएमपी 22- सड़क पर मासूम को छोड़ कर चली गई मां। सोशल मीडिया
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में महिला द्वारा अपने दुधमुंहे बच्चे को सड़क पर फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। फिलहाल मासूम पूरी तरह स्वस्थ है। कानूनी व सुरक्षात्मक प्रक्रिया के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष मामला प्रस्तुत कर दिया गया है।
पति जगदीश ने बताया कि उसके छह बच्चे हैं। बीते माह दस दिनों के अंतराल में बीमारी से दो बच्चों की मौत होने के बाद पत्नी काजल अवसाद में है। बृहस्पतिवार को भी घर में सास-बहू के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी पांच माह के दुधमुंहे बच्चे को लेकर बाहर निकल गई। वायरल वीडियो में महिला मासूम को जमीन में पटकने के अंदाज में चार बार जोर से चारों तरफ घुमाया और इसके बाद सड़क के किनारे छोड़कर चली गई। इस दौरान लोग तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे। कोतवाली प्रभारी संजय यादव ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार है। बच्चे को सीडब्ल्यूसी में प्रस्तुत कर दिया गया है। संबंधित पक्ष से लिखित शिकायत मिलते ही नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।