फोटो 02 एचएएमपी 10- फोटो में नंगे बदन दिख रहे मजदूर।- स्रोत-सोशल मीडिया।
मौदहा (हमीरपुर)। मनरेगा के तहत मजदूरी की फर्जी हाजिरी लगाने का सिलसिला जारी है। ग्राम पंचायतें मजदूरों की एक ही ग्रुप फोटो अपलोड कर हाजिरी लगाने का खेल कर रही हैं। एक ही फोटो को बार-बार अपलोड किया जा रहा है। इसमें कम मजदूरों को काम देकर अधिक मजदूरों की हाजिरी लगाकर उनका पैसा डकारा जा रहा है। मुस्करा क्षेत्र के मिहुना ग्राम पंचायत व गहरौली पंचायत में मनरेगा योजना के तहत फर्जी ग्रुप फोटो अपलोड कर हाजिरी लगाने का मामला सामने आया है। गर्मी की फोटो सर्दी में अपलोड करने पर जिम्मेदार फंस गए।
ग्राम पंचायत मिहुना में तीन कार्यों के मस्टर रोल संख्या 6161 से 6199 तक परसी राजपूत के खेत से ब्रजभान के खेत तक नाला खोदाई कार्य सहित दो अन्य कार्यों के लिए 300 श्रमिकों की हाजिरी 31 दिसंबर को दिखाई गई है। मजे की बात यह है कि भीषण हाड़-कंपाऊ ठंड में मजदूर नंगे बदन काम करते दिख रहे हैं। इन कार्यों में एक ही फोटो को अन्य कार्यों में भी अपलोड किया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत गहरौली में मनरेगा के तहत 31 दिसंबर को मुख्य मार्ग से धर्म मास्टर के खेत तक मास्टर रोल संख्या 5897 से 5956 तक 165 मजदूर कार्य करते व रामखिलावन के खेत से सुल्तान के खेत तक मस्टर रोल संख्या 5976 से 5990 तक 150 मजदूर कार्य करते दिखाए गए हैं। लेकिन, यहां भी एक ही फोटो से 150 मजदूरों का काम दर्शाया गया है।
मनरेगा कार्य में एमएमएस के जरिए मजदूरों की फोटो अपलोड की जाती है। अभी तक ऐसा मामला पकड़ में नहीं आया। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- राघवेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा।
फोटो 02 एचएएमपी 10- फोटो में नंगे बदन दिख रहे मजदूर।- स्रोत-सोशल मीडिया।