कस्बे में हो रही ताबड़तोड़ चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। नवागंतुक थानाध्यक्ष के स्वागत में अज्ञात चोर चार घराें में धावा बोलकर लाखों का माल समेट लिया। पीड़ितों ने तहरीर दी है लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
गुरुवार रात कस्बे के चार थोक मोहल्ले में अज्ञात चोराें ने रामप्रकाश लोधी, मंगल सिंह अनुरागी, रामगोपाल साहू व श्रीकृष्ण यादव के घराें में धावा बोलकर लाखों के जेवर व नगदी चोरी कर ली। सुबह जागने के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान देख गृहस्वामियों के होश उड़ गए। चोरों ने एक ही मोहल्ले के चार घराें को निशाना बनाया और किसी को कानाें कान भनक तक नहीं लगी। पीड़ित रामप्रकाश लोधी ने बताया कि घर में रात करीब 12 बजे के बाद चोर उसके घर में घुसे।
बताया कि सूटकेश उठा ले गए हैं। जिसमें पांच तोला सोने के आभूषण, 250 ग्राम चांदी व पांच हजार रुपये नकद थे। बताया कि श्रीकृष्ण के घर से चोरों ने ढाई हजार रुपये की चोरी की है। इसके बाद मंगल के मकान में छत होकर अंदर घुसे। चोरों ने डेढ़ तोला सोना, चांदी के आभूषण व डेढ़ हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। मंगल ने बताया कि चोर दो थे। आहट पाकर उसकी नींद खुल गई।
इस पर वह उनसे भिड़ गया। चोरों ने उसके साथ हाथापाई की। रामगोपाल साहू के खपरैल वाले मकान में घुसे तो उसकी नींद खुल गई और बच्चों ने ललकारा तभी चोर भाग निकले। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। प्रभारी एसआई यशकरण सिंह ने मौके का निरीक्षण कर जल्द चोरी के खुलासे का आश्वासन दिया है।
चोरी और लूट का नहीं हुआ पर्दाफाश
बीते एक सप्ताह में बदमाशों ने थानाक्षेत्र में एक दर्जन से अधिक चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। घटनाओं को अंजाम देकर बदमाश पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। लेकिन पुलिस अब तक कोई भी मामला खेलने में नाकाम रही है। जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। इससे पूर्व थानाक्षेत्र के ग्राम बंडवा में एक ही रात में दो घराें में, शिवनी, चिल्ली, इमिलिया व कस्बे में दिन दहाड़े हुई लूट का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है। जिससे ग्रामीणों में रोष है।