हमीरपुर। अवतार मेहेर बाबा के हमीरपुर आगमन की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक मेहेर प्रेम मेले का शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के बीच हुआ। मेहेर बाबा मंदिर परिसर में सतरंगा ध्वज फहराकर मेले की शुरुआत की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भक्तिमय माहौल बनाया। दोपहर में बाबा भक्तों ने शहर में शोभायात्रा निकालकर श्रद्धा का संदेश दिया।
वार्षिक मेहेर प्रेम सम्मेलन का शुभारंभ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने सतरंगा ध्वज फहराकर किया। इस दौरान राजेश निगम ने ध्वज के महत्व और उसके संदेश से लोगों को परिचित कराया। अवतार मेहेर बाबा जूनियर हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं ने सतरंगा गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सुबह 11 बजे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
दोपहर दो बजे अर्जुन सिंह के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर पीएनबी बैंक, पूर्णिमा दूध डेयरी, सुभाष बाजार, किंग रोड और पेट्रोल पंप होते हुए मेहेरपुरी पहुंची जहां इसका समापन हुआ। शोभायात्रा में शामिल बाबा भक्तों का नगर में जगह-जगह स्वागत किया गया। आयोजकों के अनुसार तीन दिवसीय मेहेर प्रेम मेले का समापन 19 नवंबर को होगा। मेले के प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।