कुरारा। क्षेत्र पंचायत के सभागार में प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर बैठक का बहिष्कार कर दिया। मामला गड़बड़ाते देख ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने बीडीसी सदस्यों को मनरेगा का कार्य देने का आश्वासन देकर उन्हें मनाया। तब कहीं दोपहर बाद बैठक शुरू हो सकी। बैठक में 10 करोड़ 33 लाख रुपये मनरेगा लेबर बजट के लिए पास किया गया।
वित्तीय वर्ष में क्षेत्र पंचायत की दूसरी बैठक नियत समय पर आयोजित की गई। इसको लेकर बीडीसी सदस्य आए। लेकिन सदस्य नाराजगी जताने लगे कि उन्हें किसी भी मुद्दे में तवज्जो नहीं दी जा रही है। इन लोगों ने बैठक का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया। सदस्यों के सभागार में न पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सिद्ध गोपाल अहिरवार उन्हें मनाते रहे। कहा कि वह हर ग्राम पंचायत में मनरेगा से एक कार्य करवाएंगे। इस पर राजी हुए बीडीसी सदस्यों ने बैठक में हिस्सा लिया। सीडीओ आरके सिंह ने प्रधानों से बेसहारा गायों को सर्दी से बचाने के लिए गोशालाओं में तिरपाल लगवाने को कहा। कहा कि वह कोटेदार से 50 बोरी लेकर इसकी व्यवस्था कराएं। बैठक में पशुपालन विभाग के डा. अभिताब सचान ने मुख्यमंत्री बेसहारा गोवंश सुपुर्दगी योजना के बारे में जानकारी दी। सीडीपीओ ने बाल विकास विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। बीडीओ राम सिंह अहिरवार ने पिछले वित्तीय वर्ष की योजनाओं की जानकारी के साथ 7 करोड़ 2 लाख 16 हजार रुपये का लेवर बजट पास किया। वहीं क्षेत्र पंचायत में 10 करोड़ 33 लाख का लेवर बजट पास हुआ। जबकि 3 लाख 54 हजार मानव दिवस सृजित किए गए।
बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के न आने पर सदस्यों में आक्रोश रहा। एडीओ शिवनरेश राजपूत, अजय रंजन राजपूत, मनीष कौशिक, विनोद, सुरेश वर्मा, बीडीसी सदस्य प्रशांत कुमार द्विवेदी, सावित्री, मीरा, इमरान खान, कामता प्रसाद, अशोक कुमार, सुखराम, रानी, राजकली, रजनी गुप्ता, राघवेंद्र सिंह, राम सजीवन निषाद प्रधान आदि मौजूद रहे।