मौदहा(हमीरपुर)। कस्बे के रहमानियां खेल ग्राउंड में चल रहे मौलाना सलीम मेमोरियल अखिल भारतीय खेल महोत्सव में शनिवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। इसमें केजीएन मौदहा ने हरियाणा टीम को पांच रनों से पराजित कर फाइनल में जगह बना ली।
सेमी फाइनल मुकाबला मौदहा और हरियाणा के बीच 20-20 ओवरों का खेला गया। मुख्य अतिथि जुनैद मीनू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबला शुरू कराया। केजीएन मौदहा टीम के कप्तान ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। केजीएन की तरफ से ओपनिंग करने उतरे अभय ने 51 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हर्षित ने 57 रनों की शानदार पारी खेलते हुए टीम का स्कोर सौ रनों के पार पहुंचाया।
आलोक ने 27 तो हिमांशु ने 28 रनों की पारी खेलकर निर्धारित 20 ओवरों में टीम का स्कोर 176 रनों पर पहुंचा दिया। हरियाणा को जीत के लिए 177 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर बल्लेबाज पीयूष तीन रनों पर आउट हो गए। निशांत ने 58 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वह टीम को जिताने के लिए समझदारी के साथ खेल रहे थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे निखिल ने 38, आदित्य ने 34 रनों की शानदार पारी खेली । मैच रोमांचक मोड़ पर था, लेकिन अंतिम समय में हरियाणा लड़खड़ा गई। महज पांच रनों से मैच हारकर फाइनल से बाहर हो गई। केजीएन मौदहा की तरफ से चार विकेट लेने वाले मीशम अब्बास को मुख्य अतिथि द्वारा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मैच में अंपायर की भूमिका अज़ीज़ मिंटू व डॉ आसिफ परवेज ने निभाई जबकि स्कोरिंग समीर व कमेंट्री कैफू ने की।
फाइनल मुकाबले में दिल्ली से होगी मौदहा की भिडंत
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मेजबान मौदहा और मेहमान टीम दिल्ली के बीच होगा। रविवार को होने वाला फाइनल मुकाबला दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। मौदहा टीम को घरेलू मैदान का लाभ मिल सकता है। हालांकि दिल्ली की टीम का प्रदर्शन मौदहा के मुकाबले इस टूर्नामेंट में ज्यादा प्रभावशाली रहा है।