भरुआ सुमेरपुर। पिछले तीन वर्ष से मायके में रह रही विवाहिता ने सुना घर पाकर फांसी लगा ली। मृतका के दो छोटी-छोटी पुत्रियां हैं। मृतका के पिता ने घटना से पुलिस को अवगत कराया है।
थानाक्षेत्र के पंधरी गांव निवासी लल्लू प्रजापति ने बताया कि उसने अपनी पुत्री सुधा (28) का विवाह दस वर्ष पूर्व इंगोहटा गांव में किया था। दामाद राजू प्रजापति के आए दिन उत्पीड़न से तंग आकर वह पिछले तीन वर्षों से मायके में रह रही थी। पिता ने बताया कि वह सुबह मजदूरी करने कस्बे में आ गया था। पत्नी खेतों में घास लेने गई थी। पुत्रियों को स्कूल भेजने के बाद सुनसान घर पाकर करीब 10 बजे फांसी पर झूल गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पूर्व प्रधान अरविंद उर्फ बाले गुप्ता मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। अचानक हुई इस घटना के बाद मृतका की दोनों बेटियों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।