फोटो 22 एचएएमपी 03- शहर के सुभाष बाजार में गर्म कंबल की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
हमीरपुर। मौसम में ठंड का अहसास होते ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है। शहर स्थिति सुभाष बाजार सहित सुमेरपुर, मौदहा, राठ नगर समेत कई प्रमुख स्थानों पर दुकानें लग गई हैं।
दुकानदारों ने भी सर्दी से निपटने के लिए आकर्षक वैरायटी के स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर और इनर का स्टॉक सजा लिया है। फुटपाथों पर भी गर्म कपड़ों की दुकानें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। सुभाष बाजार में बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक के लिए अलग-अलग डिजाइन के कपड़े उपलब्ध हैं। छोटे बच्चों के लिए रंग-बिरंगे स्वेटर और जैकेट पसंद किए जा रहे हैं। युवाओं में गर्म टी-शर्ट और जैकेट की मांग है तो महिलाएं स्वेटर खरीद रही हैं। युवतियां भी नए डिजाइन की जैकेट पसंद कर रही हैं।
दुकानदार राजेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार जैकेट और स्वेटर की आकर्षक वैरायटी मंगाई है। ब्रांडेड जैकेट और स्वेटर दो हजार से पांच हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
वहीं व्यापारी मधुवन गुप्ता ने बताया कि ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू हो गई है। इनर, मफलर, टोपी, स्वेटर और जैकेट का स्टॉक 10 दिन पहले ही मंगा लिया गया था। ब्रांडेड इनर 250 से 700 रुपये, मफलर 100 से 300 रुपये और टोपी 50 से 200 रुपये तक उपलब्ध हैं।
तापमान गिरने से गुलाबी ठंड का अहसास
नवंबर के मध्य चरण में रात में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। रात में लोग गर्म कपड़े का इस्तेमाल करने लगे हैं। तापमान में भी गिरावट आई है। दोपहर में धूप के तेवर में नरमी आई है। सुबह धुंध का असर देखा जा रहा है। सोमवार को सुबह वातावरण में हल्की धुंध रही। सुबह आठ बजे के बाद धूप खिली थी।