थानाक्षेत्र के कैथी गांव के पास चंद्रावल नदी के किनारे पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को अवैध असलहों व चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों पर हत्या, लूट, डकैती सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे जिले के अलावा बांदा, महोबा, कानपुर व मेरठ जनपद के थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों पर कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। डीआईजी ने पुलिस टीम को 12 हजार तथा एसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि बीती रात कैथी गांव में फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। चंद्रावल नदी पुल के पास पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में फायरिंग करते हुए दो बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास दो 32 बोर का पिस्टल, कारतूस व लूटी गई एक बाइक बरामद की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दबोचे गए बदमाश अवधेश यादव उर्फ बबलू यादव उर्फ राजू उर्फ आदित्य निवासी पुरैनी थाना जलालपुर व विश्वबंधु द्विवेदी उर्फ रवींद्र कुमार उर्फ बउआ ग्राम भदेवना थाना घाटमपुर जनपद कानपुर नगर हैं। बताया कि इन बदमाशों ने राठ निवासी साहिल के साथ मिलकर 23 मार्च 2015 को छतरपुर में बस कंडक्टर जुनैद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से यह लोग फरार चल रहे थे।
इसी तरह इन्होंने अपने साथी विश्वनाथ शर्मा निवासी उत्तम नगर थाना टीपी नगर मेरठ के साथ मिलकर सितंबर 2014 में बांदा के जसपुरा थानाक्षेत्र के गलौली नाला के पास पल्सर बाइक व जेवर आदि लूट लिए थे। इसी तरह बदमाशों ने 11 अप्रैल 2016 को नेशनल हाईवे-86 पर कोतवाली क्षेत्र के कंजौली डेरा निवासी एक युवक की बाइक लूट ली थी। एक दंपति के साथ भी लूट की थी। इसी तरह इन बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुरैनी गांव के निकट सतीमइया आश्रम में डकैती डालकर नगदी सहित ट्रैक्टर व जीप लूट ली थी।
यह घटना नवंबर 2014 में हुई थी। फरवरी 2015 में महोबा जनपद के खरेला थानाक्षेत्र के पुनिया गांव स्थित रामजानकी मंदिर से राम, लक्ष्मण, जानकी व गोपाल की मूर्तियां चोरी की थीं। लेकिन मूर्तियां पीतल की निकलने पर फेंक दिया था। जिसे खरेला पुलिस ने बरामद किया था। एसओ ने बताया कि विश्वबंधु द्विवेदी ने आठ वर्ष पूर्व बांदा जनपद के गड़रिया गांव निवासी शिवपूजन कलार के साथ मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के गौरीहार के मंदिर से तीन मूर्तियां लूटी थीं।
लेकिन यह मुर्तियां भी पीतल की निकली थीं। वहीं बबलू यादव ने वर्ष 2006 में अपने साथी विश्वनाथ शर्मा उर्फ जीजी के साथ मेरठ में ट्रांसपोर्ट नगर थानाक्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में विश्वनाथ को आजीवन कारावास हो चुका है। जबकि बबलू यादव फरार चल रहा था। इस बदमाश के खिलाफ कानपुर के घाटमपुर कोतवाली में लूट का मुकदमा दर्ज है।
जबकि विश्वनाथ द्विवेदी ने वर्ष 2006 में दीवाली के दिन अपने गांव भदेवना में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसका मुकदमा घाटमपुर थाने में दर्ज हैं। बबलू के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला दर्ज है। कई जिलों की पुलिस को इन अपराधियों की तलाश थी।