फोटो26 एचएएमपी 25- सोशल मीडिया पर वायरल रील में नृत्य करते उद्योग केंद्र के कर्मचारी। स्क्रीन
- फोटो : लापता व्यापारी अर्पित जैन।
हमीरपुर। शहर स्थित उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के एक महिला और पुरुष कर्मचारी को रील बनाकर वायरल करना महंगा पड़ गया। चित्रकूट मंडल के संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने इसे राजकीय कार्य में लापरवाही मानते हुए दोनों को निलंबित करते हुए वेतन वृद्धि को भी रोक दिया।
उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र में वरिष्ठ सहायक चेतन स्वरूप सेन एवं कनिष्ठ सहायक साधना देवी ने दफ्तर में नृत्य करते हुए रील बनाई और सोशल मीडिया अकाउंट से वायरल कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल 37 व 33 सेकेंड के वीडियो में दोनों फिल्मी गानों पर ठुमके लगा रहे हैं। मामला दफ्तर के अंदर का था लिहाजा विभागीय अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। दोनों ही कर्मचारियों को प्रथम दृष्टया कार्यों में घोर शिथिलता, स्वयं एवं विभाग की गरिमा के विरुद्ध कार्य करने का दोषी पाया गया। चित्रकूट मंडल के संयुक्त आयुक्त ने दोनों महिला व पुरुष क्लर्कों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा वर्ष 2026 में अनुमन्य होने वाली वार्षिक वेतन वृद्धि को भी रोक दिया है। निलंबन के दौरान उक्त कार्मिकों को क्षेत्रीय उद्योग कार्यालय, चित्रकूटधाम मंडल बांदा से संबद्ध किया है। निलंबन के दौरान जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।